हरदोई। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मल्लावां और शाहाबाद के बाद अब पाली और सांडी में तीन दिन पूर्ण बंदी रहेगी। एसपी अमित कुमार ने बताया कि इस दौरान दोनों कस्बों में आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें भी बंद रहेंगी। बंदी के दौरान स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग करेंगी।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि सोमवार से पाली और सांडी कस्बे में तीन का पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। रविवार रात 12 बजे से नगर के अंदर व बाहर जाने वाले सभी मार्गों को बैरिकेडिंग कर बंद कराया जा रहा है।
नगर में लोगों के घरों से निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। अगर किसी को कोई समस्या होगी तो वह नगर पंचायत व प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। एसपी ने बताया कि दोनों कस्बों में पूर्ण बंदी के दौरान स्वास्थ्य टीमें डोर टू डोर जाकर लोगों की जांच करेंगी। कहा कि इस दौरान अगर कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।