बांदा। आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने एक उचित दर विक्रेता की दुकान निरस्त करने के एसडीएम के आदेश को विधि विरुद्ध मानते हुए खारिज कर दिया। आयुक्त न्यायालय ने 16 नवंबर 2026 को अपील स्वीकार करते हुए अपीलकर्ता को कोटेदार चयन में वरीयता देने और नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
मऊ के मौजा कटैयाडाडी के उचित दर विक्रेता लल्लूराम के खिलाफ 16 अक्तूबर 2007 को तहसील दिवस में शिकायत हुई थी। नायब तहसीलदार और पूर्ति निरीक्षक की दो नवंबर 2007 की जांच में राशन वितरण में अनियमितता और घटतौली के आरोप लगाए गए थे। इसके आधार पर 31 दिसंबर 2007 को उनका अनुबंध निरस्त कर दिया गया था। अधिवक्ता के अनुसार सिविल जज (सीडि.) एफटीसी चित्रकूट ने वाद में 25 अक्तूबर 2024 को लल्लूराम को दोषमुक्त कर दिया था। जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी बयान व शपथपत्र देकर आरोपों को झूठा बताया था। आयुक्त न्यायालय में अपील वर्ष 2025 में दाखिल की गई। सात मई 2026 को पूर्व निरस्तीकरण आदेश खारिज कर वरीयता के आधार पर मामला निस्तारित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद एसडीएम मऊ ने 10 अगस्त 2026 को उन्हीं पुराने आरोपों के आधार पर दुकान निरस्त कर दी।
आयुक्त ने कहा कि सक्षम न्यायालय से दोषमुक्त होने और वरीयता देने के पूर्व आदेश के बावजूद उन्हीं आरोपों पर दोबारा अनुबंध निरस्त करना न्यायालय के आदेश का उल्लंघन और विधि विरुद्ध है। उन्होंने एसडीएम का 10 अगस्त 2026 का आदेश निरस्त कर पत्रावली नियमानुसार वरीयता के आधार पर कार्यवाही के लिए अवर न्यायालय को वापस भेज दी।