अतर्रा (बांदा)। गिट्टी मौरंग कारोबारी की खुदकुशी से मोहल्ले में मातम का माहौल रहा। सोमवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो चित्कार मच गई। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे भवानी गंज स्थित मुक्तिधाम में छोटे भाई आकाश शिवहरे ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के समय बेटा योग्य शिवहरे भी मौजूद रहा।
कस्बे के मोहल्ला शिवपुरी निवासी विकास शिवहरे (40) ने सोमवार दोपहर लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। घटना के पीछे विकास के पिता राजकिशोर शिवहरे ने बताया था कि विकास को पत्नी शशि, पुत्र योग्य शिवहरे व पुत्री आहना उर्फ लाडो के साथ सोमवार शाम संपर्क क्रांति ट्रेन से मथुरा वृंदावन जाना था। उनकी पत्नी से सामान पैकिंग को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद उन्होंने घटना को अंजाम दिया। नरैनी से पूर्व विधायक राजकरन कबीर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वर्मा, नरैनी चेयरमैन प्रतिनिधि हरिश्चंद्र सोनकर समेत व्यापारी और कस्बेवासी पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
-
बेटा-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
अतर्रा। कारोबारी की मौत से बेटा योग्य शिवहरे (16) व पुत्री आहना उर्फ लाडो (11) के सिर से पिता का साया उठ गया। पिता को खोने के बाद दोनों बच्चाें का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा योग्य बाबा राजकिशोर से लिपटकर रोता-बिलखता रहा। परिजन व रिश्तेदार उसे ढांढस बंधाते दिखे। मां रेखा शिवहरे व पत्नी शशि शिवहरे को मोहल्ले की महिलाएं संभालती रहीं।
फोटो-29-विकास शिवहरे। फाइल फोटो