हरदोई। मौसम विभाग 26 सितंबर को भी जिले में भारी वर्षा की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट और 27 को यलो अलर्ट जारी किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की तरफ से एडीएम दीपाली भार्गव ने लोगों से सतर्क और सावधानी बरतने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अलर्ट अवधि में विशेष सावधानी बरतें और आपात स्थिति में डॉयल 112 या संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दें। लोगों को सलाह दी है कि नदियों, नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचे। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। बिजली के खंभों, टूटे तारों, पेड़ों और जर्जर भवनों से दूर रहें।
बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें। बताया कि मौसम विभाग, प्रशासन और सचेत एप की तरफ जारी सूचनाओं पर ध्यान दें। बताया कि लोगों से अपील है कि वह अपने एंड्रायड मोबाइल में सचेत और दामिनी मोबाइल एप अवश्य इंस्टाल करें। इससे एडवाइजरी के साथ ही मौसम की पूर्व सूचना भी प्राप्त होती रहेगी। अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं।