पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के चंदापुरवा गांव में शनिवार क ो बेकाबू ट्रैक्टर ने साइकिल पर बैठे अधेड़ को कुचलकर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई और बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के चंदापुरवा निवासी रसीद (50) पुत्र पराऊ का मकान गांव के पिहानी करांवा रोड पर बना है। शनिवार शाम करीब छह बजे खेत की तरफ जाने के लिए घर के सामने साइकिल पर खड़ा था। वह साइकिल बढ़ाता इससे पहले ही सामाने से बाइक सवार को आता देख रुक गया। बाइक सवार निकलता इससे पहले ही करांवा की तरफ से आए ट्रेक्टर ने बाइक को टक्कर मारते हुए रसीद को कुचल दिया।
हादसे में रसीद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर की टक्कर ऐंठा खेड़ा निवासी विनोद (25) पुत्र श्रीपाल, बहनोई राजेश (40) पुत्र प्रकाश, बहन रिंकी (35) और राजेश क ा बेटा प्रिंस (2) घायल हो गए। बाइक चला रहे राजेश के सिर में गंभीर चोटें आई थी। वह हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर विनोद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाल पवन त्रिवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में अभी उनको तहरीर नहीं मिली है।