हरदोई । वर्ष 2015 में अतिवृष्टि से फसलों की बर्बादी का मुआवजे के लिए शासन से 46 करोड़ की धनराशि और जारी की गई है। इससे पहले 66 करोड़ 35 लाख की धनराशि किश्तों में शासन से मिली थी। जिसका वितरण किसानों को हो चुका है। शासन से मिली धनराशि तहसीलों को भेजी जाएगी जहां से प्राथमिकता के आधार पर छोटे और मझोले किसानों को सहायता राशि का वितरण किया जाएगा ।
वर्ष 2015 में अतिवृष्टि से हुए फसली नुकसान के जिला प्रशासन ने 5 लाख 26 हजार 992 किसानों के लिए शासन से 2 अरब 27 करोड़ 68 लाख 29 हजार की सहायता धनराशि की डिमांड की थी । जिसके सापेक्ष मार्च 2016 तक शासन से 66 करोड़ 35 लाख की धनराशि किश्तों में दी गई थी । जिसका वितरण प्रशासन ने 3 लाख 721 लघु और सीमांत किसानों में 50 फीसदी से अधिक नुकसान वाले किसानों के बीच प्राथमिकता पर कराया।
जबकि 2 लाख 26 हजार 271 किसानों धनराशि न मिल सकी । अब शासन ने 46 करोड़ 5 लाख की धनराशि जारी की है । जिसका वितरण सहायता राशि पाने से वंचित किसानों में किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी केबी अग्रवाल ने बताया कि शासन से मिली धनराशि को संबंधित तहसीलोें को भेजा जाएगा उसके बाद तहसील स्तर से किसानों को सहायता राशि का वितरण किया जाएगा ।
अतिवृष्टि से पीड़ित किसानों को अब तक दी गई सहायता राशि के लिए सभी तहसीलों में किसानों को 2 हजार रुपये तक का बियरर चेक दिया गया और इससे अधिक राशि का चेक किसानों के नाम एकाउंट पेयी दिया गया था।
जिससे सहायता राशि पाने के लिए किसानों को बैंकों से लेकर तहसीलों तक में लाइन लगानी पड़ी थी । अब सहायता राशि बांटने के लिए किसानों के बैंक खाते में धनराशि ट्रांसफर करने की तैयारी है । एडीएम केबी अग्रवाल ने बताया कि सभी तहसीलों को बैंक एकाउंट में पैसा ट्रांसफर करने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि संबंधित किसानों को जल्दी सहायता राशि प्राप्त हो सके।