हरदोई। कभी आंधी के साथ बदली, कभी तेज धूप तो कभी ठंडी हवा पल-पल बदलते मौसम ने बीमारियां बढ़ा दी है। लोग जुकाम, बुखार, डायरिया और त्वचा रोग की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सबसे ज्यादा डायरिया के रोगी आ रहे हैं। सांडी में डायरिया की चपेट में आने से वृद्धा की मौत हो गई।
सांडी संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के मोहल्ला करामुल्लागंज निवासी लौंगश्री (65) पत्नी गोकरन रविवार शाम खरीददारी करने गई थीं। अचानक से बाजार में उनको उल्टी दस्त शुरू हो गये। वह वहीं बेहोश होकर गिर गई। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, जिला अस्पताल के ओपीडी में रोजाना दो सौ से तीन सौ तक मरीजों की बढ़ोत्तरी हो रही है। गर्मी से परेशान मरीज जिला अस्पताल में घर से पंखा लाने को मजबूर हैं। सोमवार को कंडोलेंस की वजह से दोपहर 12 बजे तक ही पर्चे बने। इस समय तक 11 सौ रोगियों के पर्चे बनाए गए।
सोमवार को डायरिया की चपेट में आए गुड्डी देवी (40) पत्नी देवीदीन निवासी कांशीराम कालोनी, अस्मिता गुप्ता (17) पुत्री पीके गुप्ता, सबरीन (17) पुत्री फरमूद निवासी सांडी समेत आधा दर्जन से अधिक मरीज भर्ती हुए। इसी तरह बुखार की चपेट में आए राम प्रसाद (70) व पंकज राठौर (27) निवासी महोलिया शिवपार समेत आधा दर्जन मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए।
ओपीडी में जुकाम व खांसी से पीड़ित रोगियों की संख्या भी बढ़ी। मौसमी बीमारियों की चपेट में आए लोगों की बढ़ रही संख्या के संबंध में डाक्टरों क ा कहना है कि तापमान बढ़ने से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
बाजार के कटे फल, बासी खाना न खाएं
जिला अस्पताल के सुबोध ने बताया कि ऐसे मौसम में बीमारियों से बचने के लिए बाजारों में खुले रखे कटे फल, मिठाइयां, चाट आदि से बचें। घर में भी बासी खाना न खाएं। पानी ज्यादा पीएं। तेज धूप होने में बाहर निकलते समय गमछा लेकर ही निकले। अन्यथा लू लगने की आशंका रहती है।
- अस्पताल के सभी कक्षों में व्यवस्थाएं सही हैं, अस्पताल में 24 घंटे बिजली मिलती है। हो सकता हो हृदय रोग विभाग के वार्ड का कोई पंखा या लाइन खराब हो। इसलिए मरीज घर से पंखा लाया हो। इसको दिखाकर समस्या दूर कराएंगे। डा. आर के मिश्रा सीएमएस