पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुल्हावर में 15 दिन पूर्व बेटे से नाराज होकर बेटी के घर गई वृद्धा शनिवार को घर लौटी तो बेटे का क्षत विक्षत शव फंदे पर लटकता देख उसके होश उड़ गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मां से विवाद के बाद बेटे के खुदकुशी करने की बात सामने आ रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुल्हावर निवासी रोहित (25) पुत्र स्व. रामअवतार अविवाहित था। वह दो बहनों में इकलौता था। उसकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। वह मां तारा के साथ रहकर खेती करता था।
मां तारा ने बताया कि 15 दिन पूर्व रोहित से उसका विवाद हो गया था। काम न करने पर उसे डांट दिया था। नाराज होकर वह गांव निवासी पुत्री के घर चली गई थी। दीपावली पर वह शनिवार को घर वापस आई। मां के दरवाजा खोलते ही दुर्गंध आने पर उसने कमरे में जाकर देखा तो रोहित का क्षत-विक्षत शव अंगौछे के फंदे से लटकता मिला। कोतवाल सूर्यप्रकाश शुक्ला ने बताया कि विवाद के बाद मां के घर से चले जाने से क्षुब्ध होकर युवक के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। शव 15 दिन से लटका होने से सड़ गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।