बेहटागोकुल। लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाहपुर नाऊ में संदिग्ध हालात में वृद्धा की मौत हो गई। ग्रामीणों में चर्चा है कि मानसिक रूप से बीमार पुत्र ने ही डंडा मारकर मां की हत्या कर दी, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है।
शाहपुर नाऊ निवासी पुत्तन (70) पत्नी प्रकाश गांव में इकलौते पुत्र नन्हे भइया (40) के साथ रहती थी। नन्हे भइया मानसिक रूप से बीमार है और इसी कारण से 15 वर्ष पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पुत्तन गांव में स्थित खेत बटाई पर कराती थी और इसी से मां-बेटे का जीवनयापन होता था। गुरुवार रात संदिग्ध हालात में पुत्तन की मौत हो गई। शुक्रवार को उसका शव घर के अंदर पड़ा मिला। शव काला हो चुका था। शुक्रवार रात घटना की जानकारी लोनार कोतवाली पुलिस को मिली तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों में चर्चा है कि वृद्धा से उसके पुत्र ने जुआ खेलने के लिए रुपये मांगे थे और न देने पर नाराज होकर उसने लाठी से वार कर दिया। इसी में वृद्धा की मौत हो गई। रात में ही शव को जलाने का प्रयास भी किया गया। लोनार कोतवाल एसके सोनकर ने बताया कि वृद्धा की सामान्य मौत हुई थी। विक्षिप्त पुत्र ने उसे जलाने का प्रयास किया, जिससे शरीर काला पड़ गया।