हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बावन चुंगी के निकट शुक्रवार को बाइक सवार परिवार को डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में दादी और उसकी गोद में बैठी पौत्री की मौके पर मौत हो गई। जबकि दंपति और दो माह की मासूम बच्ची बाल-बाल बच गए। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया जबकि चालक फरार है।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम समसपुर निवासी अनूप सिंह किसान है। शुक्रवार को अनूप मां फूलमती (55), पत्नी प्रीती सिंह, पुत्री प्रियांशी सिंह (3) और दो माह की पुत्री को लेकर बाइक से लोनार कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर में दवा लेने जा रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र में बावन चुंगी के निकट बावन मार्ग पर एक गेस्ट हाउस के निकट डीसीएम ने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक में सबसे पीछे फूलमती की गोद में प्रियांशी भी बैठी थी। टक्कर लगने से दादी और पौत्री सड़क पर गिर गए और इसी दौरान डीसीएम उन्हें रौंदते निकल गई। हादसे में प्रियांशी की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि फूलमती को गंभीर रूप से घायल होने पर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।