बांदा। गांव के लोगों को अब शहर आकर लाखों रुपये खर्च कर बेटी की शादी नहीं करनी पड़ेगी। गांव में ही सस्ते दर पर मैरिज हाल जैसी सुविधाओं से युक्त पंचायत भवन उपलब्ध होगा। प्रत्येक विधान सभा में एक पंचायत उत्सव भवन बनाया जाएगा। यानि प्रथम चरण में जिले में चार पंचायत भवन बनेंगे। प्रत्येक पंचायत भवन के निर्माण में 1.40 करोड़ खर्च होंगे। पहली जुलाई को शासन ने आदेश जारी कर एक माह भूमि का चिह्नांकन कर प्रस्ताव भेजने को कहा था, लेकिन एक माह से अधिक का समय हो जाने के बाद भी जिला प्रशासन जमीन नहीं खोज सका।
डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि प्रत्येक पंचायत भवन के लिए तीन हजार वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता है। पिछले दिनों सभी एसडीएम को पत्र भेजकर पंचायत भवन के लिए सड़क किनारे जमीन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था, लेकिन अभी तक कोई भी एसडीएम जमीन उपलब्ध नहीं करा सके हैं। जमीन उपलब्ध न होने प्रस्ताव नहीं तैयार हो पा रहा है।
शासन ने प्रत्येक पंचायत भवन की लागत 1.40 करोड़ निर्धारित की है। पंचायत भवन में विवाह मंडप, वर व कन्या पक्ष के लिए चार कमरे, शादी समारोह के लिए दो हजार वर्ग मीटर का मैदान, पानी, बिजली आदि की सुविधाएं होगी। पंचायत भवन का किराया ग्राम सभा की खुली बैठक में निर्धारित किया जाएगा। पंचायत उत्सव भवन बनने के बाद गांव के गरीब व मध्यम वर्ग को लोगों को शहर जाकर लाखों खर्च कर बेटियों की शादी नहीं करना पडेगी। मामूली दर पर उन्हें शादी के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।