टड़ियावां। मछलियां पकड़ने के लिए सई नदी पर बनाए गए अवैध बंधे को रविवार को राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में तुड़वा दिया गया। अवैध बंधा बनाने वालों के विरुद्ध क्षेत्रीय लेखपाल ने देहात कोतवाली में तहरीर भी दी है। इससे जिन किसानों की फसलें डूबीं थीं, उन्हें राहत मिली है।
जिले में सई नदी को स्थानीय लोग भैंसटा नदी भी कहते हैं। देहात कोतवाली क्षेत्र में ग्राम नीर के पास मछली पकड़ने के लिए कुछ लोगों ने सई नदी पर अवैध बंधा बना लिया था। जाल लगाकर मछलियां भी पकड़ी जा रही थीं। अवैध बंधे के कारण कई गांवों के सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा फसल में नदी का पानी भर गया था। खेतों में तैयार हो रही धान की फसल डूब गई थी।
इस समस्या पर अमर उजाला ने 22 व 23 अगस्त को खबर प्रकाशित की थी। इसे संज्ञान में लेकर पुलिस महकमा और राजस्व विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। एसडीएम सदर राकेश कुमार गुप्ता, सीओ सिटी विजय कुमार राना, देहात कोतवाल रंधा सिंह मौके पर पहुंचे। देहात कोतवाली समेत भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। बंधे को ग्रामीणों की मदद से तुड़वा दिया गया। एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अवैध बंधा बनाने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। लेखपाल और कानूनगो ने देहात कोतवाली में तीन लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
इन गांवों के किसानों के खेतों में भरा पानी
ग्राम सिकरोहरी, सिकराना, कुरियारा, बुदेलापुरवा, खजुहा, भूड़वा, तकिया, मटेरा, कपूरपुर अटवा कटैया, गुलारीपुरवा, चेत्तापुरवा, बैजूपुरवा के किसानों के खेतों में सई नदी का पानी भर गया है। सैकड़ों किसानों की कई हजार बीघा फसलें पानी में डूब गईं हैं।
एसडीएम बोले नहीं थी जानकारी
अवैध बंधा तुड़वाने के लिए पहुंचे एसडीए राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि सदर तहसील क्षेत्र में सई नदी पर इस तरह से मछली पकड़ने का अवैध कारोबार चल रहा है। उनके मुताबिक यहां मछली पकड़ने और पालने की नीलामी होती है, जो अभी तक नहंीं हुई है। संभवता सोमवार को नीलामी होनी है, लेकिन यहां पिछले काफी समय से अवैध बंधा बनाकर मछलियां पकड़ी जा रही थीं।
कोतवाल बोले, हमने पहले की थी कार्रवाई
देहात कोतवाल रंधा सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में अवैध बंधा बनाने की बात आई थी। इस पर तीन दिन पहले वह मौके पर गए थे और बंधे को तुड़वा दिया था। उनके आने के चंद घंटे बाद ही दबंगों ने फिर से बंधा बना दिया था।