हरदोई। स्थानीय स्टेडियम में चल रहे हेरिटेज कप क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे मैच में ओसिस क्रिकेट अकादमी की टीम ने दो विकेट से जीत दर्ज की। टीम के सनी वर्मा को मैन आफ द मैच चुना गया।
स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को हेरिटेज कप का चौथा मैच अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी और ओसिस क्रिकेट अकादमी के मध्य खेला गया। मैच में टॉस जीतकर अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी टीम के कप्तान अभिषेक तिवारी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी टीम ने 38.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 145 रनों का स्कोर बनाया।
अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी की ओर से कृष्ण कुमार ने 29, शुभम ने 21 रन, आशुतोष गिरी ने 20 रनों का योगदान किया। ओसिस क्रिकेट अकादमी टीम की ओर से फैज व सोनू मरांडी ने 3-3, सनी वर्मा, प्रशांत मरांडी व शाद रजा ने 1-1 विकेट लिया और एक खिलाडी़ रन आउट हुआ। जवाब में ओसिस क्रिकेट अकादमी की टीम ने 30.2 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। ओसिस क्रिकेट अकादमी टीम की ओर से सनी वर्मा ने 69, वरुण ने 22 रन और नितिन ने 15 रन बनाएं। अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी टीम के अभिषेक तिवारी व अतुल द्विवेदी ने 2-2 और मनी चौधरी, कृष्ण कुमार, हर्षित शुक्ला ने 1-1 विकेट लिया तथा एक खिलाडी़ रन आउट हुआ । ओसिस क्रिकेट अकादमी ने 2 विकेट से जीत दर्ज की ।
सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि मैन ऑफ द मैच ओसिस क्रिकेट अकादमी के सनी वर्मा को चुना गया। अंपायरिंग शिवम मिश्रा, मो. हफीज ने की तथा स्कोरिंग सूरज तिवारी ने की। अर्जित मित्तल,लकी गुप्ता, हर्ष अग्रवाल,राधा कृष्ण गुप्ता मौजूद रहे।