हरपालपुर (हरदोई)। अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम दहेलिया में सोमवार देर शाम अवैध शस्त्र बनाए जाने की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस पर शातिर ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से शातिर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को पकड़ लिया। उसे जिला अस्पताल भेजा है। मौके से पांच अवैध शस्त्र पुलिस ने बरामद किए हैं। घायल बदमाश का एक साथी फरार है।
क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल को जानकारी मिली थी कि अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम दहेलिया में अवैध शस्त्र बनाने का कारोबार चल रहा है। इस पर क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर आलोक सिंह ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी तो यहां असलहा बना रहे शमीम (40) पुत्र शौकत ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ की सूचना पर हरपालपुर, बेहटागोकुल और अरवल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फायरिंग के दौरान शमीम के बायें पैर में गोली लग गई।
इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में घायल शमीम से एसपी आलोक प्रियदर्शी ने पूछताछ की। एसपी ने बताया कि मौके पर क्राइम ब्रांच, बेहटागोकुल, लोनार, अरवल और हरपालपुर की पुलिस कांबिंग कर रही है। शमीम के साथी फरार हो गए हैं। मौके से दो बंदूकें और तीन तमंचे मिले हैं।