हरदोई। सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने बैठक में यूपीआरएनएसएस के अधिशासी अभियंता की गैरहाजिरी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। अधिकारियों से कहा कि जीरो पावर्टी में विद्युतीकरण, राशन कार्ड, पेंशन और बाल सेवायोजना आदि का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए।
सीडीओ ने मंगलवार देर शाम विकास भवन में बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्माण, जीरो पावर्टी, त्वरित आर्थिक विकास और सीएम डैशबोर्ड आदि की समीक्षा की। उन्होंने यूपीआरएनएसएस के कामों का अलग से ब्योरा तलब किए जाने के निर्देश दिए। वहीं आवास विकास परिषद और सीएंडडीएस के कम व्यय पर नाराजगी जाहिर की। निर्देश दिए कि काम और खर्च की प्रगति बढ़ाई जाए। कहा कि तय समयसीमा में पूरी न हो पाने वाली परियोजनाओं को इसी माह के अंत तक हर हाल में पूरा कराया जाए। इसमें लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने जीरो पावर्टी में चिह्नित परिवारों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए। पात्रों को समय से लाभांवित कराया जाए। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में जननी सुरक्षा योजना, पोषण अभियान, नई सड़कों के निर्माण के डेटा को ठीक किए जाने के निर्देश दिए। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि त्वरित आर्थिक विकास योजना में स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कराय जाए। बैठक में डीडीओ कमलेश कुमार, डीएसटीओ डॉ. राम प्रकाश, सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय, सीवीओ डॉ. एके सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।