हरदोई। मिशन कायाकल्प के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्य शुरू न कराने पर सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने सख्त रुख अपनाया है। सीडीओ ने 94 ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों का नवंबर का वेतन मिशन कायाकल्प के कार्य पूर्ण होने तक रोक दिया है।
जनपद में मिशन कायाकल्प के तहत जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को 14 बिंदुओं पर संतृप्त करने के निर्देश दिए गए थे। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स इन कार्यों की समीक्षा कर रही हैं। 23 अक्टूबर को सीडीओ ने नाराजगी जता सौ ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम सचिवों को नोटिस जारी कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद 94 ग्राम पंचायतों में मिशन कायाकल्प के तहत कार्य शुरू ही नहीं किया गया। 17 नवंबर को मिशन कायाकल्प के कार्यों की हुई समीक्षा में इसका पता चलने पर सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने नाराजगी जता सभी संबंधित ग्राम सचिवों के वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। सीडीओ ने ग्राम सचिवों की सूची जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला विकास अधिकारी को भेजी है। कायाकल्प के तहत कार्य पूर्ण न होने तक नवंबर का वेतन न जारी करने के निर्देश दिए हैं।