हरदोई। वाहन की फिटनेस के प्रति लापरवाही बरतने पर 109 स्कूली वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। वाहनों की फिटनेस न कराने पर उनके पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
शासन के निर्देश पर स्कूली वाहनों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिले में 774 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 256 वाहनों की फिटनेस न कराने पर चिह्नित किया गया है। विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान में अब तक 104 वाहनों की जांच की जा रही है, जिसमें अभी तक दो के चालान किए गए हैं। वहीं, इधर एक वर्ष से वाहनों की फिटनेस नहीं कराने वाले 109 स्कूल वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है।
एआरटीओ प्रशासन संजीव कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल वाहनों की जांच लगातार की जा रही है। कार्यालय में फिटनेस शिविर भी चल रहा है। वाहन स्वामी कार्यालय आकर वाहनों की फिटनेस करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बिना मानक के जो भी स्कूली वाहन संचालित होता मिलेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वाहनों की जांच के लिए टीमें लगाई गईं हैं।