पिहानी चंगी पर जाम में फंसे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार की दोपहर तक कैश न आने पर बैंक की कतार में खड़े लोगों ने पिहानी चुंगी व हरदोई-पिहानी मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पिहानी चुंगी स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की शाखा पर सुबह से ही कैश नहीं था। कैश के इंतजार में लोग लाइन में खड़े थे। बैंककर्मियों ने कैश आने की बात कही, लेकिन दोपहर 3 बजे तक कैश न आने पर लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने बैंक प्रबंधतंत्र के खिलाफ नारेबाजी की और पिहानी चुंगी पर जाम लगा दिया। जाम लगने से यातायात प्रभावित हो गया। जाम की सूचना पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट मृत्युंजयराम व सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन लोग कैश मंगाने की मांग करने लगे।
शाखा प्रबंधक ने कैश मंगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क पर जाम लगाए लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए जाम खुलवाया। शाम 4 बजे जाम खुलने से लोगों को राहत मिली। उधर, हरियावां में भी ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में सुबह से कैश न होने पर लाइन में लगे लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने बैंक कर्मियों और बैंकमित्र के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हरदोई पिहानी मार्ग पर जाम लगा दिया। शाखा प्रबंधक पीके सिंह ने बताया जिले से पर्याप्त कैश नहीं मिल रहा है, इससे दिक्कत हो रही है। थानाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र ने बताया कि ग्रामीणों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया गया।