हरदोई। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने की कवायद सफल होती नहीं दिख रही है। प्रशासन की ओर से घोषित वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन का पालन नहीं हो रहा है। हाल ये है कि पूरे अभियान की कमान संभालने वाले ईओ पालिका का स्थानांतरण होते ही जहां-तहां ठेले वाले खड़े दिख रहे हैं। नॉन वेंडिंग जोन के बोर्ड के पास भी दुकानें सजी हैं। इसके कारण शनिवार को भी शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जाम जैसे हालात रहे।
मई के दूसरे पखवारे में प्रशासन व पालिका ने संयुक्त रूप से काम करते हुए नगर को जाम व अतिक्रमण मुक्त बनाने की योजना तैयार की थी। कई बैठकों के बाद शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों को नॉन वेंडिंग जोन घोषित किया गया था। तय किया गया था कि चौराहों से 30 मीटर की परिधि में कोई भी ठेले और पटरी पर दुकान नहीं लगाएगा। साथ ही जिंदपीर चौराहे से स्टेशन तक, बस बिल्डिंग से बड़े चौराहे और नुमाइश चौराहे से डीएम चौराहे तक के क्षेत्र को भी नॉन वेंडिंग जोन घोषित किया गया था। पटरी दुकानदारों, ठेले व खुमचे वालों को घंटाघर रोड पर और रेलवेगंज में पुल के नीचे जगह मुहैया कराने की बात कही गई थी।
इस पूरे अभियान के क्रियान्वयन का जिम्मा पालिका के ईओ जीलाल को सौंपा गया था। नियम बनने के साथ ही तेजी से अभियान का क्रियान्वयन भी शुरू कर दिया गया। लेकिन तीन दिन पहले ईओ जीलाल का स्थानांतरण हो गया। उनके स्थानांतरण के बाद मामला अटक गया है। शनिवार को पूर्व की तरह ही चौराहों पर व नॉन वेंडिंग जोन एरिया में सड़क किनारे ठेले नजर आए। इस संदर्भ में पालिकाध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर ने बताया कि नए ईओ ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है, लेकिन वह अवकाश पर हैं। पालिका नए नियमों पर गंभीरता से काम करेगी। जो भी नियम तोड़ेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिंदपीर चौराहे पर दुकान चलाने वाले राहुल गुप्ता ने बताया कि जाम शहर के लिए बड़ी समस्या है। प्रशासन की पहल सराहनीय है। इस पर सख्ती से काम होना चाहिए। शहर को अतिक्रमण और जाम से निजात मिलने पर इसका फायदा सभी को होगा।
सोल्जर बोर्ड चौराहे पर स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाने वाले पवन सिंह ने बताया कि शहर अरसे से जाम की समस्या से जूझ रहा है। इससे निजात मिलना जरूरी है। कहा कि देर से ही सही, लेकिन प्रशासन ने इसको लेकर पहल की है जो सराहनीय है। सबको सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।
सिनेमा चौराहे पर दुकान चलाने वाले निमेश अग्रवाल ने कहा कि वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन घोषित करना अच्छी पहल है। इस व्यवस्था का सख्ती से पालन होना चाहिए। वरना जाम की समस्या से निजाम नहीं मिलेगी।
नुमाइश चौराहे पर दुकान चलाने वाले प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि शहर के अन्य चौराहों के साथ ही नुमाइश चौराहे की हालत काफी खराब है। फुटपाथ पर ठेले वालों का कब्जा है। बताया कि प्रशासन की ओर से नियम बनाने के बाद इसका पालन भी होना चाहिए।