हरदोई। नागरिकता संशोधन कानून पर भ्रम दूर करने की कवायद में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भी लग गया है। सीएए को लेकर संघ ने रविवार रात जिले भर के सरस्वती शिशु मंदिरों में गोष्ठियों का आयोजन कर हकीकत बताई। शहर के मोहल्ला विष्णुपुरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भी जागरुकता गोष्ठी हुई।
आरएसएस की ओर से लोक जागरण मंच के बैनर तले आयोजित गोष्ठी में सेवानिवृत्त जिला जज विमल जैन ने कहा कि सीएए से घबराने की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धर्म के आधार पर प्रताड़ित किए गए लोगों को भारत की नागरिकता देने की व्यवस्था इस कानून में है। उन्होंने कहा कि जनजागरण अभियान चलाकर सभी को वास्तविकता से अवगत कराना होगा। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला संघ चालक कृष्णमोहन, जिला प्रचारक तुलसीराम, अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह, हनुमान प्रसाद मिश्र, डॉ. संजय सिंह, डॉ. सुरेश अग्निहोत्री, आरबी शर्मा आदि ने भी सीएए के बारे में जानकारी दी। गोष्ठी में विश्व हिंदू परिषद, विद्यार्थी परिषद के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी मौजूद रहे। पिहानी, टोडरपुर, शाहाबाद, भरखनी, हरपालपुर, सांडी, अहिरोरी, सुरसा, टड़ियावां, हरियावां में भी जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
वृहद गोष्ठी कल
हिंदूवादी नेता अभिषेक द्विवेदी ने बताया कि आठ जनवरी को नागरिकता संशोधन कानून को लेकर वृहद गोष्ठी का आयोजन रसखान प्रेक्षागृह में किया गया है। इसके अलावा जागरुकता रैली भी शहर में निकाली जाएगी।