पैढ़ाई गोशाला का निरीक्षण करतीं सीडीओ निधी गुप्ता वत्स। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
हरियावां। सीडीओ निधी गुप्ता वत्स ने मंगलवार को हरियावां विकास खंड के ग्राम पैढ़ाई में गोशाला का औचक निरीक्षण किया। 250 मवेशियों की क्षमता वाली गोशाला में एक भी मवेशी नहीं मिला। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जता ग्राम सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
पैढ़ाई में गोशाला में मवेशी न देख सीडीओ ने ग्राम सचिव अजय पाल से जानकारी की। अजय पाल ने सीडीओ को बताया कि बाढ़ आने के दौरान मवेशी इधर-उधर चले गए थे। इस पर सीडीओ ने पूछा कि इसको दो माह बीत चुके हैं, फिर भी गोशाला का संचालन क्यों नहीं हो रहा। इस पर ग्राम सचिव संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
सीडीओ ने नाराजगी जता अजय पाल को निलंबित करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए हैं। ग्राम सचिव मौके पर निरीक्षण के लिए पंजिका भी उपलब्ध नहीं करा पाए। इस पर सीडीओ ने गोशाला को मिले बजट के बारे में आख्या देने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दिए। उन्होंने गोशाला का संचालन न होने पर पशु चिकित्साधिकारी डा. सुजीत कुमार का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश देकर जवाब तलब किया है। निरीक्षण के दौरान गोशाला में खाई खोदने का कार्य होता मिला।
किसी भी कार्यस्थल पर सीआईबी न लगे होने के कारण सीडीओ ने पंचायत मित्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर सेवा समाप्त करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए हैं। निरीक्षण के दौरान बीडीओ हरियावां संध्या रानी भी मौजूद रहीं।