हरदोई। ऑनलाइन व्यापार से सस्ता सामान लेने की होड़ ने बाजारों में अघोषित हड़ताल सी कर दी है। इससे देश का खुदरा स्वदेशी व्यापार खतरे में पड़ रहा है। विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिसंबर को हरदोई बंद रखा जाएगा। मंगलवार को बिलग्राम मार्ग स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौर ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण के युग में हम तेजी से ऑनलाइन खरीदारी पर निर्भर होते जा रहे हैं। सभी शहरों में कंपनियों के घरेलू उत्पाद ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं। इसमें अमेरिकन कंपनी भी शामिल हैं। ये कंपनियां व्यापार से हुआ मुनाफा अपने देश में लगाती हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हम इन कंपनियों को मालामाल कर रहे हैं। इससे रुपया लगातार नीचे गिर रहा है।
देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले खुदरा व्यापारी अपनी बिक्री 50 प्रतिशत तक खो चुके हैं। व्यापारियों की दुकानें बंद हो रही हैं और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। इसके विरोध में व्यापार मंडल ने 14 दिसंबर को सुबह दो बजे बड़ा चौराहे से वाहन रैली निकालने का फैसला किया है। 15 को हरदोई बंद करने का आह्वान भी किया है। इस मौके पर जिला प्रभारी अब्बाद हुसैन सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।