फोटो-5-मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंपते इंडिय?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। नवंबर माह में एक नर्सिंग होम में हुई तोड़फोड़ पर चिकित्सक की तरफ से अब तक मुकदमा दर्ज न होने से खिन्न इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दो जनवरी को कार्य से विरत रहने व तीन जनवरी से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। इसे लेकर ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंपा गया।
सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को ज्ञापन सौंपते हुए आईएमए अध्यक्ष डॉ. अजय अस्थाना ने कहा कि 15 नवंबर को सांडी रोड एक नर्सिंगहोम में ह्दयघात से एक मरीज की मौत हो गई थी। उसके बाद मरीज के रिश्तेदारों ने चिकित्सालय में चिकित्सा उपकरणों की तोड़फोड़ की और चिकित्साकर्मियों को मारा पीटा था।
इसके बाद आईएमए के बैनर तले चिकित्सकों ने ज्ञापन भी दिया और तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इससे चिकित्सक काफी आहत हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर भय है।
आईएमए ने निर्णय किया है कि दो जनवरी को अपने कार्यों से चिकित्सक विरत रहेंगे और तीन जनवरी से सत्याग्रह के रास्ते पर चलकर भूख हड़ताल को बाध्य होंगे। पूरे सत्याग्रह के दौरान आकस्मिक सेवाएं व कोविड संबंधी कार्य फिलहाल जारी रहेेंगे। इस मौके पर सचिव डॉ. अमित मिश्रा, कोषाध्यक्ष डॉ. अखिलेश पटेल, अरूण मौर्या, सीके गुप्ता मौजूद रहे।