हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुरवा में थाने और क्राइम ब्रांच के सिपाहियों के बीच हुई मारपीट के मामले में एसपी अमित कुमार ने क्राइम ब्रांच के सिपाही को निलंबित कर दिया है।
दो जनवरी की रात सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुरवा में नव वर्ष पर नाच-गाने का आयोजन किया गया था। इसमें सांडी थाने में तैनात सिपाही प्रतीक और जयपाल गश्त के दौरान पहुंचे थे। वहां पहले से सादी वर्दी में मौजूद क्राइम ब्रांच के सिपाही राहुल वर्मा के साथ थाने के सिपाहियों का विवाद हो गया था। राहुल वर्मा सरकारी पिस्टल लगाकर आयोजन में गए थे और कुछ ग्रामीणों ने उन्हें संदिग्ध मानकर असलहा होने की जानकारी सिपाहियों को दी थी। इसी पर सिपाहियों ने राहुल वर्मा से पूछताछ की थी तो राहुल वर्मा ने पिस्टल भी हवा में लहराई थी। थाने के सिपाहियों और क्राइम ब्रांच के सिपाही के बीच गुत्थमगुत्था होने की बात सामने आने पर एसपी अमित कुमार ने जांच सीओ बिलग्राम एसआर कुशवाहा को सौंप दी थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी अमित कुमार ने क्राइम ब्रांच के सिपाही राहुल वर्मा को निलंबित कर दिया है।
लापरवाही पर जामा मस्जिद चौकी प्रभारी लाइनहाजिर
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शाहाबाद कोतवाली अंतर्गत जामा मस्जिद पुलिस चौकी के प्रभारी संजय कुमार राय को लाइनहाजिर कर दिया है। उन पर मारपीट के एक मामले में पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट न दर्ज किए जाने का आरोप है। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि पीड़ित पक्ष का मेडिकल कराया गया था और मेडिकल में चोटों की पुष्टि होने के बाद भी एफआईआर नहीं दर्ज की गई।