हरदोई। शहर में सांडी मार्ग पर संचालित एक ट्रांसपोर्ट के बाहर खड़े ट्रक से कार सवार लोगों ने 150 लीटर डीजल चुरा लिया। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सांडी मार्ग निवासी अविरल सिंह उर्फ राजू पुत्र ओमप्रकाश सिंह ट्रांसपोर्टर है। घर के पास ही पावर हाउस के निकट उसका ट्रांसपोर्ट है। अविरल के मुताबिक सोमवार रात उसके ट्रक को चालक ने ट्रांसपोर्ट के गेट पर खड़ा किया था। चालक ट्रक की केबिन में सो रहा था। मंगलवार सुबह पांच बजे चोरों ने ट्रक के टैंक से 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चालक ने अविरल को डीजल चोरी की सूचना दी। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट के गेट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। जिसमें डीजल चुराकर कार से भाग रहे युवकों की तस्वीर नजर आई है। कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।