संडीला। कोतवाली क्षेत्र के खौसीखेड़ा निवासी शख्स पर अलग-अलग अभिलेखों का इस्तेमाल कर दो पासपोर्ट बनवाए जाने का मामला सामने आया है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से कराई गई जांच और अभिसूचना इकाई की संस्तुति के बाद आरोपी के खिलाफ फर्जीवाड़े की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
खौसीखेड़ा मजरा नारायनपुर निवासी अली अहमद ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। जांच के दौरान उसके दस्तावेजों और व्यक्तिगत विवरण में गड़बड़ी मिलने पर क्षेत्रीय कार्यालय ने जांच और सत्यापन कराया। आरोप है कि उन्होंने नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और पते में हेरफेर कर फर्जी अभिलेख तैयार कर लिए। इन्हीं अभिलेखों के जरिए दो अलग-अलग पासपोर्ट भी बनवा लिए। संडीला कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक मीनाक्षी राणा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल अनुराग सिंह ने बताया कि फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और इसके उद्देश्य की जांच की जा रही है।