हरदोई। सांडी रोड उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को इन दिनों भले ही बिजली कटौती से परेशान होना पड़ रहा हो लेकिन आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद जगी है। सांडी रोड उपकेंद्र टाउन तक नई 33 केवी लाइन डाली जा रही है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन बिजली गुल रही। नई लाइन नए खंभे लगाकर डाली जा रही है। ऐसे में घरों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का रास्ता भी साफ होता दिख रहा है।
सांडी रोड उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में मई-जून माह में लोकल फॉल्टों की भरमार आ गई थी। कई रातों तक बिजली नहीं आ सकी, ऐसे में उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने उपकेंद्र का घेराव तक कर दिया था। इसके बाद ही जन प्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप किया और सांडी रोड उपकेंद्र तक नई 33 केवी लाइन डालने का प्रस्ताव बना। मन्नापुरवा उपकेंद्र से गुरगुज्जा और वहां से सांडी रोड उपकेंद्र तक नई 33 केवी लाइन डाली जा रही है। इसको लेकर ही सांडी चुंगी पर इन दिनों काम हो रहा है। सांडी चुंगी पर बुधवार को भी नई लाइन डालने को लेकर सुबह साढ़े दस बजे से शाम चार बजे तक बिजली बंद रही थी।
बृहस्पतिवार को भी सुबह से दोपहर के तीन बजे तक बिजली बंद रही। बिजली न होने से उपभेाक्ताओं को दिक्कतें तो हो रही हैं लेकिन लोगों को सुकून इस बात का है कि लोकल फॉल्टों से निजात मिल सकेगी। काम पूरा होने के बाद घरों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन भी हट सकेगी। उपखंड अधिकारी आकाश कुमार ने बताया कि 33 केवी लाइन के नवीन निर्माण को लेकर आपूर्ति बंद की गई है।