कछौना। कोतवाली क्षेत्र के दीननगर में सोमवार शाम भतीजे की पिटाई से घायल अधेड़ की मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको सीएचसी ले जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव गांव वापस ले आए। पुलिस को सूचना दी। मृतक के पुत्र ने चचेरे भाई पर पिता को पीटकर मार डालने का आरोप लगाया है।
दीननगर निवासी लालता प्रसाद (55) खेती करते थे। पुत्र सुनील के मुताबिक, सोमवार शाम चाचा का पुत्र शराब के नशे में घर आया और पिता लालता प्रसाद से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि मना करने पर आरोपी ने गया प्रसाद को लात-घूसों से पीट दिया। रातभर वह घर पर ही रहे। मंगलवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको सीएचसी ले जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन शव गांव ले गए। पुलिस को सूचना दी गई। परिवार में पत्नी और तीन पुत्र हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।