टोडरपुर। मझिला थाना क्षेत्र के ढकिया गांव के प्राथमिक स्कूल में लगे पेड़ पर बुधवार सुबह नवविाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। पिता ने बेटी की मानसिक हालत ठीक न होने की बात कह पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचमाना भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना मझिला के ढकिया गांव निवासी राजाराम ने बेटी बिटान की शादी 15 दिन पहले धनवार गांव निवासी रोशनलाल के साथ की थी। शादी के बाद बिटान चौथी पर मायके आई थी। मंगलवार को रोशनलाल पत्नी को विदा कराने ढकिया गांव आया था। रात में खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए। सुबह परिजन जागे तो बिटान घर पर नहीं थी।
परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। गांव के बाहर प्राथमिक स्कूल में पेड़ पर उसका शव फांसी पर लटका मिला। गांव के चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर शव उतरवाया। मायके और ससुरालपक्ष वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
एसओ ब्राह्म प्रकाश ने बताया कि मृतका के मायके व ससुरालवाले कोई आरोप नहीं लगा रहे थे। दोनों ही पक्षों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसलिए पंचनामा कराकर शव उन्हें सौंप दिया गया।