हरदोई। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को पूरे दिन शुभ मुहूर्त होने से लोगों ने घरों पर कलश की स्थापना की। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
मंगलकारी योग और शुभ मुहूर्त में लोगों ने नव संवत्सर के स्वागत के साथ ही माता रानी के मंदिरों में माथा टेका। घरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ कलश की स्थापना की। बड़ी संख्या में लोगों ने घर पर पूजा-पाठ के साथ ही मंदिरों में भोग-प्रसाद चढ़ाया। श्रवण देवी शक्ति पीठ, शिवपार महोलिया में माता काली शक्ति पीठ, फूलमती माता मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
सांडी कस्बा के मां मंगला शक्ति पीठ, माता शीतला, मां दुर्गा मंदिर में बड़ी तादाद में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। आर्यसमाज मंदिर में महार्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की ओर से प्रथम आर्य समाज की स्थापना दिवस पर वैदिक मंत्रों से आचार्य राजेश कुमार शर्मा ने हवन-यज्ञ किया। नगर पालिका परिषद चेयरमैन रामजी गुप्ता ने साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। पाली में कस्बा के मां पंतवारी देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तो की कतारें लगी रहीं। ऐसे सभी कस्बों और गांवों के मंदिरों पर भी भक्तों की भीड़ रही।