फोटो-1-श्री राम जानकी मंदिर में मां दुर्गा की आरती करते मैथलीशरण शास्त्री।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। नवरात्र के दौरान बुधवार को घरों और मंदिरों में मां भवानी के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा अर्चना हुई। घरों में देवी भक्तों ने पूजा आराधना के साथ मां की जय-जयकार की, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण सुबह से लेकर देर शाम तक बना रहा।
नवरात्र पर्व की अष्टमी के अवसर पर भी इस बार शहर में प्रमुख रूप से मां श्रवण देवी मंदिर, मां भवानी के मंदिर, मां फूलमती देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहे जबकि मौजूद पुजारियों ने पूजन किया व आरती की। इधर, घरों में मां के दर्शन करने के बाद सुख समृद्धि की कामना की गई। मंदिरों में भक्तों ने पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ मां के जयकारे लगाएं हर तरफ बस मां के गुणगान के स्वरों से पूरे शहर में वातावरण भक्तिमय बन गया। नवरात्र के दौरान हजारों लोगों ने पूरे उपवास रखकर मां की आराधना शुरू की। इनके उपवास का संकल्प गुरुवार को पूर्णता प्राप्त करेगा। इसके अलावा लाखों लोग मां को प्रसन्न करने के लिए नवरात्र के प्रथम दिन एवं अष्टमी को उपवास रखते हैं।
अष्टमी और नवमी को हवन पूजन के साथ कन्या भोज का आयोजन करते हैं इससे मां के भक्तों की मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं और लोग सुख शांति को प्राप्त करते हैं लेकिन इस बार लॉक डाउन के कारण पुजारी ही नहीं मिले, जिसके बाद श्रद्धालु घर में भी हवन को तरस गए।
लॉकडाउन के आठवें दिन भी मंदिरों के कपाट बंद रहे। लेकिन अष्टमी के चलते श्रद्धालु अपने नजदीक के मंदिरों में बंद कपाट के बाहर ही चौखट पर सर टेक कर माता का आशीर्वाद ले आए।