माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा के दौरान कक्ष में
विद्यार्थी के नकल करते मिलने पर कक्ष निरीक्षक व केंद्र व्यवस्थापक पर भी
कार्रवाई की जाएगी। जिले में नकलविहीन परीक्षा कराने को कक्ष निरीक्षक,
केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की कवायद तेज हो गई है।
वहीं परीक्षा सामग्री न ले जाने वाले 18 स्कूलों को रविवार को सामग्री
प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड
परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू हो रही हैं। जिले में नकलविहीन परीक्षा कराने
को प्रशासन व विभाग सक्रिय हो गया है। नकलविहीन परीक्षा कराने को कक्ष
निरीक्षकों की तैनाती की जा रही है।
इसके अलावा स्कूलों में गैर जिले के
टीचरों को केंद्र व्यवस्थापक बनाने की कवायद चल रही है। इसकी सूची जेडी की
ओर से विभाग को भेजी गई है। विभाग ने केंद्र व्यवस्थापकों के साथ सेक्टर व
जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा प्रभारी
बीएसए डा. बृजेश मिश्र ने बताया कि जिले में नकलविहीन परीक्षा करने का
प्रयास किया जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर कक्ष में परीक्षार्थी के नकल करते
मिलने पर परीक्षार्थी के साथ कक्ष निरीक्षक व केंद्र व्यवस्थापक पर भी
कार्रवाई की जाएगी। बताया कि 300 परीक्षा केंद्रों में से 282 परीक्षा
केंद्रों से प्रश्न पत्र और परीक्षा सामग्री प्राप्त कर ली गई, पर अभी 18
स्कूलों ने परीक्षा सामग्री प्राप्त नहीं की है।
कहा कि शेष 18 स्कूल
रविवार को जीआईसी से सामग्री हर हाल में प्राप्त कर लें। बताया कि परीक्षा
के संबंध में 16 फरवरी को जिला समिति की बैठक होगी, जिसमें नकलविहीन
परीक्षा कराने को डीएम की ओर से दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।