राशन वितरण प्रणाली के तहत नई प्रकाशित सूची में 70 प्रतिशत से अधिक
पात्रों के नामों को काटे जाने का आरोप लगाकर ग्राम पीलामहुआ के ग्रामीणों
ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को
ज्ञापन सौंपकर गांव में खुली बैठक कराए जाने की मांग की।
इस
दौरान कलक्ट्रेट परिसर में विकास खंड टोडरपुर के ग्राम पीलामहुआ के
ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि जो नई सूची का प्रकाशन किया गया है,
उसमें से पूर्व में राशन कार्डधारकों के करीब 70 फीसदी नामों को काट दिया
गया है। आरोप लगाया कि नई राशन कार्ड लिस्ट में ऐसे कई नामों को दर्ज किया
गया है, जो अभी तक 18 साल की आयु तक पूरी नहीं कर पाए हैं।
इसके अलावा जो
गांव में निवास नहीं करते उनके नाम भी राशन कार्ड बनाए गए। ग्रामीणों ने
ग्राम प्रधान और राशन कोटेदार पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से मिलकर यह
कृत्य कराए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब
व्यक्ति नाम कटने के बाद राशन न मिल पाने की स्थिति में भुखमरी की कगार पर
पहुंच जाएगा।
ग्रामीणों ने इस दौरान कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार नारेबाजी
करते हुए जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर गांव में खुली बैठक कराकर
नई सूची का सत्यापन कराने एवं पात्रों को सूची में शामिल करवाए जाने की
मांग की। इस मौके पर हरिहर गौतम सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।