हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौली पुलिया के निकट शारदा नहर में युवक का शव उतराता मिला। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसके शाहजहांपुर का होने का पता चला। वहां से आई महिला ने उसकी शिनाख्त पति के रूप में की है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली के कुछ ग्रामीण शनिवार सुबह शौच के लिए गांव के निकट से ही गुजरी शारदा नहर के किनारे गए थे। यहीं बरौली पुलिया के निकट शव नहर में देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे शाहजहांपुर जनपद के सिंधौली थाना क्षेत्र के ग्राम कोरोकुइयां निवासी शबाना ने मृतक की शिनाख्त पति मोहम्मद हसन (45) पुत्र नूर मोहम्मद के रूप में की। शबाना ने बताया कि हसन गुरुवार सुबह गांव के पास से निकली शारदा नहर की तरफ गया था और इसके बाद से लापता था। काफी खोजने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली थी। शबाना ने आशंका जताई कि मोहम्मद हसन फिसलकर नहर में गिर गया होगा। हसन मजदूरी करता था। परिवार में तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। टड़ियावां कोतवाल सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।