प्रधान ने लगवाया खड़ंजा, सचिव ने बेटे को कर दिया भुगतान
- भरावन की ग्राम पंचायत महीठा का मामला, डीएम ने प्रधान व सचिव को दी कार्रवाई की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। भरावन की ग्राम पंचायत महीठा में प्रधान ने खड़ंजा लगवाया। इस काम को पांच टुकड़ों में कराया गया। निर्माण कार्य होने के बाद पंचायत सचिव ने प्रधान के बेटे के खाते में भुगतान कर दिया। अब कार्य में वित्तीय अनियमितता पकड़ी गई है। जिला प्रशासन ने सात दिन के अंदर साक्ष्य सहित उत्तर न देने पर वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज करने की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने यह नोटिस महीठा निवासी विशाल द्विवेदी के शिकायती पत्र पर कराई गई जांच और नोटिस पर प्रधान गीता और पंचायत सचिव सुचेता यादव की ओर से उत्तर न दिए जाने पर जारी किया है।
डीएम ने कहा है कि जांच में पुष्टि हुई है कि डा. भीमराव आंबेडकर स्मृति वाटिका पर करीब 14 लाख के कार्यों के टेंडर को कई भाग में प्रकाशित कर भुगतान किया गया है। इस कार्य में सामग्री मद का भुगतान प्रधान गीता और सचिव सुचेता यादव ने फर्म को न करके प्रधान पुत्र शिवम को किया है।
गांव में खड़ंजा कार्य को एक बार में न कराकर पांच टुकड़ों में कराया गया है। ऐसे ही अन्य कार्यों में भी अनियमितता की पुष्टि हुई है। उन्होंने भरावन बीडीओ को आदेश दिए हैं कि नोटिस की प्रति प्रधान और पंचायत सचिव को प्राप्त कराते हुए रसीद जिला पंचायतराज अधिकारी कार्यालय में प्राप्त कराएं।