पाली। थाना क्षेत्र के कछेलियापुरवा में शनिवार देर शाम हुई घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा रहा। दंपती के शवों का पोस्टमार्टम रविवार को कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शाम लगभग 7:30 बजे दोनों के शव गांव पहुंचे। अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। दोनों शव देखकर हर कोई यही कहता नजर आया कि आपस में शक करने और शराब की लत ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।
कछेलियापुरवा निवासी लालपूत राठौर (52) ने शनिवार शाम पत्नी जनुका (50) की हत्या कर खुद भी फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। जनुका की हत्या पति लालपूत ने बेरहमी से की थी। चाकू से उसकी दाई आंख निकाल ली थी और पेट पर दो वार करने के बाद चेहरा ईंट से कूच दिया था। इसके बाद फंदा लगाकर खुद भी जान दे दी थी। पोस्टमार्टम में जनुका के पेट में धारदार हथियार के दो, आंख के पास एक और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं।
घटना की वजह अब तक यही साफ हुई कि दोनों ही एक दूसरे के चरित्र पर शक करते थे। इसको लेकर आए दिन विवाद हो जाता था। साथ ही लालपूत की शराब पीने की लत भी घटना की बड़ी वजह मानी जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। सीओ शाहाबाद संतोष सिंह ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कोई शिकायत नहीं की है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।