हरदोई। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में मुस्कान वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी।
महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर ऑडिटोरियम में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए। प्राचार्य डाॅ. नेत्रपाल सिंह ने कहा कि नोबल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर सीवी रमन की स्मृति में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. विद्या सिंह ने सीवी रमन के रमन प्रभाव के विषय में जानकारी दी।
उधर, पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय सेमस्टर की मुस्कान वर्मा प्रथम, अमीषा वर्मा द्वितीय, बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की कृतिका शुक्ला तृतीय स्थान पर रहीं। क्विज प्रतियोगिता में बीएससी की आयुषी गुप्ता प्रथम, अमन श्रीवास्तव द्वितीय, जवैरिया खातून तृतीय स्थान पर रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में तान्या मिश्रा प्रथम, तूबा निशात द्वितीय, अंशिका वाजपेयी तृतीय स्थान पर रहीं। आशु रचित उपकरणों की प्रदर्शनी में स्वाती वर्मा प्रथम, तान्या मिश्रा द्वितीय और चांदनी गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। डाॅ. शिवम मौर्य, डाॅ. कुलदीप कुमार सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।