घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर(हरदोई)। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुड़ानगरिया में गुरुवार की सुबह खेत की रखवाली के लिए गई महिला का शव पड़ोसी के खेत में पड़ा मिला। घटनास्थल पर महिला की चूड़ियां टूूटी पड़ीं थीं और संघर्ष के भी निशान मिले हैं। प्राथमिक तौर पर पुलिस इसे हत्या की वारदात मानकर जांच कर रही है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुड़ानगरिया निवासी मेवाराम दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं। गांव में उनकी पत्नी उमा देवी (45) अपने सात बच्चों के साथ रहती थी। बुधवार शाम उमा देवी अपने खेत में तैयार हो रही फसल की रखवाली के लिए गईं थीं, लेकिन सुबह काफी देर तक नहीं लौटी। इस पर उनके बच्चों ने पड़ोस में रहने वाले लोगों को जानकारी दी तो ग्रामीण उमा की तलाश में उसके खेतों की ओर गए। उमा के खेत के ठीक पड़ोस में स्थित खेत में उमा मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस को भी घटना से अवगत कराया। घटनास्थल पर उमा की चूड़ियां टूटी मिली हैं। इसके अलावा मौके पर संघर्ष किए जाने के भी निशान मिले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।