पिहानी (हरदोई)। पिहानी-हरदोई मार्ग पर शाहाबाद तिराहा के पास गुरुवार की दोपहर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत व ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमिरता निवासी शिशुपाल (50) पुत्र बुद्धा गुरुवार दोपहर पिहानी कस्बे से बाइक से घर लौट रहा था। शाहाबाद तिराहा के पास पीछे से आ रही गन्ने से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। शिशुपाल के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक शिशुपाल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चालक को हिरासत में व ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे मेें शिशुपाल की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि शिशुपाल दो भाइयों में छोटा था, वह खेती करता था। बताया कि शिशुपाल विवाहित था, उसके एक बेटी व एक बेटा है।
शाहाबाद तिराहा पर ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने के बाद बाइक सवार किसान की मौत होने के बाद आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने बताया कि बाइक चला रहे शिशुपाल ने हेलमेट लगा रखा था, लेकिन उसमें लॉक नहीं लगाया था। टक्कर लगने के बाद वह जैसे ही नीचे गिरा, ट्रैक्टर का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। हेलमेट में लॉक नहीं लगा था, इसलिए हेलमेट थोड़ा हटने के बाद पहिये के नीचे आकर टूट गया।