संडीला। नगर पालिका प्रशासन का स्वच्छता अभियान दो दिन बाद ही धड़ाम हो गया। सड़क से लेकर गलियों में कूड़े कचरे के ढेर लगे हैं। वहीं, वार्डों में पालिका की ओर से लगाए गए कूड़ेदान भी जर्जर होते जा रहे हैं।
नगर के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर में एक कूड़ादान लगवाया गया था, लेकिन एक महीने से साफ नहीं किया गया है। इसके कारण सारा कचरा कूडे़दान से निकल कर बाहर जमा हो रहा है। सफाईकर्मी भी सफाई नहीं करता है। इधर, बस स्टैंड पर भी कूड़े का ढेर लगा है। कुछ दिन पहले यहां पर एक कूड़ादान लगवाया गया था लेकिन उसके टूट जाने के बाद वहां दूसरा कूड़ादान नहीं लगवाया गया है। बस स्टेंड के आस पास कूड़े के ढेर लगे हैं। दुर्गंध से यात्रियों को दिक्कत होती है।
इसके अलावा प्रतिभा सिनेमा व मानस नगर, सब्जी मंडी के पास भी लगे कूड़ेदान की हालत जर्जर है। घरों के आसपास कूडे़दानों की रोजाना सफाई न होने से निकलने वाली दुर्गंध उनके घराें में आ रही है जिससे बीमारियां फैलने की आशंका है। आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत भी नगर पालिका में की लेकिन सफाई नहीं कराई गई।
वर्जन
सभी सफाई नायकों को जल्द से जल्द कूडे़दानों को साफ करवाए जाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। जिन स्थानों पर कूडे़दान नहीं लगे हैं। वहां जल्द लगवाने को कहा है।- धर्मराज सिंह यादव, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद