पुत्र के खिलाफ हुई रिपोर्ट को झूठा बता निष्पक्ष
जांच कराने की मांग के लिए पचदेवरा के ग्राम भाभर के ग्रामीणों ने शनिवार
को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान
ग्राम भाभर के ग्राम प्रधान कृपाशंकर पांडे ने कलक्ट्रेट परिसर में
प्रदर्शन के दौरान बताया कि निजामुद्दीन निवासी एक व्यक्ति ने थाने में
उनके पुत्र भूरा के खिलाफ यह रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 मई को उसके पुत्र को
एक चौपहिया वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया।
जबकि वह साइकिल से गांव की
ओर जा रहे थे और उनका पुत्र भूरा साइकिल चला रहा था। थाने में दर्ज कराई गई
इस रिपोर्ट को पूरी तरह से झूठा बताते हुए कृपाशंकर ने कहा कि उसके लड़के
को तो वाहन चलाना भी नहीं आता और वह अभी नाबालिग है।
उन्होंने कहा कि उसे
चुनावी रंजिश के चलते षड्यंत्र के तहत फं साया जा रहा है और उसका पुत्र
भूरा निर्दोष है। उन्होंने बताया कि 28 मई को उनके यहां चल रही रासलीला
का समापन था और उनका पुत्र भूरा भी वहीं पर मौजूद था, तो वह बोलेरो कहां
चला रहा होगा।
उन्होंने जिलाधिकारी रमेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक उमेश सिंह
को शिकायती पत्र देकर जांच पूरी तरह से निष्पक्ष कराए जाने की मांग की है।
इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे।