पुलिस की मौजूदगी में चकबंदी प्रक्रिया को शुरू कराने
की मांग को लेकर ग्राम अखवेलपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को कलक्ट्रेट
परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
कलक्ट्रेट
में एकत्र हुए ग्रामीणों में शामिल बृजेश सिंह ने कहा कि अखवेलपुर मलवा में
चकबंदी प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जोत एक्ट के तहत हो चुका है। धारा छह के
तहत नामांतरण कार्रवाई भी हो चुकी है। धारा नौ के तहत काश्तकारों द्वारा
प्रेषित आपत्तियों की सुनवाई पूर्ण हो चुकी है और प्रस्तावित चकों की
पैमाइश लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है।
चकबंदी प्रक्रिया निष्पक्ष और
पारदर्शिता से चल रही है, पर ग्रामसभा अखवेलपुर मलवा में चकबंदी प्रभावी
नहीं हुई है, जिससे गांव के अधिसंख्य लोग संतुष्ट हैं, जबकि गांव के कुछ
लोग जो दूसरों की चकों को जोतते चले आ रहे, वह लोग चकबंदी नहीं चाहते और
रुकवाने की फिराक में हैं।
तीन जून को कानूनगो व लेखपाल को जबरन कार्यों
से रोक गांव में इन्हीं लोगों द्वारा चकबंदी रुकवा दी गई। ग्रामीणों ने इस
दौरान डीएम रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंप पुलिस की मौजूदगी में चकबंदी पुन:
शुरू कराने की मांग की है। इस मौके पर उमेश सिंह, चक्रपाल, राम सिंह, राम
प्रसाद सिंह, अवधेेश सिंह, मुन्नू सिंह, शिव प्रताप सिंह आदि
मौजूद थे।