शाहाबाद। नगर के मोहल्ला बाजार शंभा निवासी बालक की बृहस्पतिवार रात करंट लगने से मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिजन बिलख पड़े। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मोहल्ला बाजार शंभा निवासी अजय गुप्ता का पुत्र लकी गुप्ता (12) कक्षा छह का छात्र था। बृहस्पतिवार रात वह घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। देर रात तक वापस न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ पता न चलने पर पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी। इसी बीच इस्लामगंज पावर हाउस के निकट रतीराम सक्सेना की दुकान में छत पर पड़ी टीन के सपोर्ट के लिए लगे लोहे के एंगल के पास लकी झुलसा पड़ा मिला। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी ले गए। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि करंट लगने से मौत हुई है। परिजनों ने फिलहाल कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है।