बिलग्राम। उन्नाव कटरा मार्ग पर रविवार दोपहर बाद मौरंग लदे डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्री को दुर्गागंज के पास रौंद दिया। घटना में पिता की मौत हो गई जबकि बेटी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गए।
सांडी थाना क्षेत्र के धाधामऊ निवासी उमेश कुशवाहा (50) खेती करते थे। उनकी बेटी शिवानी (21) की दाढ़ में दर्द था। उमेश रविवार दोपहर बाद बेटी को लेकर दवा दिलाने अपनी ससुराल बघौली थाना क्षेत्र के कैरमेर गांव बाइक से जा रहे थे। उन्नाव कटरा मार्ग पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के निकट दुर्गागंज के सामने पीछे से आए डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्री को रौंद दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। यहां उमेश को मृत घोषित कर दिया गया जबकि शिवानी काे मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया। मृतक के परिवार में पत्नी ऊषा देवी, तीन पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि डंपर पुलिस के कब्जे में है। चालक की तलाश की जा रही है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
तो ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार पिता-पुत्री डंपर को ओवरटेक करते समय हादसे का शिकार हो गए। बताया कि मौरंग लदा डंपर सांडी की तरफ से आ रहा था। बाइक सवार भी सांडी की तरफ से आ रहे थे। दुर्गागंज अंडरपास के पास बाइक सवार डंपर को ओवरटेक कर रहे थे। इस दौरान सामने से भी एक वाहन आ गया और उससे बचने के प्रयास में बाइक सवार डंपर के अगले हिस्से से टकरा कर उसी की जद में आ गए।