= पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर उन्नाव मार्ग पर जाम लगाया, कार्रवाई के आश्वासन पर माने
= मंगलवार सुबह हुई घटना में मृतक का दोस्त भी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव मार्ग पर सुंदरपुर मोड़ के पास मंगलवार सुबह दूध की केन लदे पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका दोस्त घायल हो गया। घटना के बाद चालक पिकअप समेत मौके से भाग निकला। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर नाराज परिजनों ने उन्नाव मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कोतवाल के आश्वासन पर लगभग आधा घंटा बाद जाम खुला गया।
बहसरिया निवासी अरुण (18) एक सर्विस स्टेशन पर वाहनों की धुलाई का काम करते थे। गांव निवासी ललित (17) उनका दोस्त है। ललित के पिता बुद्धि लाल की सब्जी की दुकान नगर की मंडी में है। मंगलवार सुबह अरुण और ललित सब्जी लेने के लिए बाइक से बुद्धिलाल की दुकान पर गए थे। सब्जी लेकर वापस घर जाते समय संडीला उन्नाव मार्ग पर सुंदरपुर मोड़ के पास पिकअप डाला ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में अरुण और ललित घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी संडीला पहुंचाया। यहां अरुण को मृत घोषित कर दिया गया। ललित का उपचार चल रहा है। मृतक पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर का और अविवाहित था। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उन्नाव मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। यह लोग पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम लगाए जाने की सूचना पर कोतवाल अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई के प्रति आश्वस्त किया। इसके बाद परिजन शात हुए। कोतवाल ने बताया कि बाइक में टक्कर मारने वाले पिकअप के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं।
फोटो-24- अरुण। फाइल फोटो
फोटो-24- अरुण। फाइल फोटो