बेनीगंज। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के भदहा गांव में मासूम को दूध पिलाने के दौरान मां को हार्ट अटैक पड़ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी बीच किसी ने यूपी 112 पर घटना को लेकर संदेह जताते हुए सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक से ही मौत होने की बात सामने आई।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बलदेवपुरवा निवासी रेखा (23) की शादी चार साल पहले भदहा निवासी नीरज के साथ हुई थी। नीरज के मुताबिक पत्नी व बच्चों के साथ खाना खाने के बाद वह भी घर में सो गए थे। रात लगभग 12 बजे एक साल की पुत्री प्रांशी रोने लगी। इस पर रेखा ने उसे दूध पिलाकर सुला दिया। रात लगभग दो बजे प्रांशी फिर से रोने लगी तो रेखा को आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर उसे देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी रेखा की मां राज कुमारी को दी गई। मौके पर पहुंची राज कुमारी ने बताया कि शादी के पहले ही रेखा का बीपी लो हो जाता था और हाथ पैर अकड़ जाते थे। उनका कहना है कि हार्ट अटैक की वजह से मौत हुई है। कोतवाल ओपी सरोज ने बताया कि यूपी 112 पर मिली सूचना पर पुलिस टीम गई थी। दोनों पक्षों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही है।