हरदोई। बिलग्राम मार्ग पर सुरसा थाना क्षेत्र में बाइक सवार मां-बेटे को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। रविवार देर शाम मझिला पुल के निकट हुई घटना में मां की मौत हो गई। बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मंगरौली निवासी फकीरे की पत्नी गीता (45) का मायका सुरसा थाना क्षेत्र के मंडलैइया गांव में है। गीता के बड़े भाई जगेश्वर बीमार चल रहे हैं। रविवार की सुबह गीता अपने पुत्र संदीप (22) के साथ बाइक से मायके गईं थीं। भाई को देखने के बाद देर शाम वापस घर जा रही थीं। बिलग्राम मार्ग पर मझिला पुल के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में गीता के सिर में गंभीर चोटें आईं जबकि संदीप घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मां-बेटे को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां गीता को मृत घोषित कर दिया गया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सुरसा थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।