हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी प्रसूता ने बुधवार सुबह सीएचसी में पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सक ने उनको महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्राम करनपुर निवासी अनुज मजदूरी करते हैं। अनुज के मुताबिक, मंगलवार देर शाम पत्नी रिंकी (25) को प्रसव पीड़ा होने लगी। उनको एंबुलेंस से टड़ियावां सीएचसी लाया गया। बुधवार सुबह आठ बजे रिंकी ने पुत्र को जन्म दिया। कुछ देर बाद अनुज कुछ सामान लेने बाहर चले गए। वापस आने पर उन्हें रिंकी एंबुलेंस में लेटीं मिलीं। नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि रिंकी को रक्तस्राव हो रहा है। इसलिए उन्हें महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अनुज रिंकी को लेकर महिला चिकित्सालय आए।
यहां चिकित्सक ने उन्हें 9:15 बजे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आपसी सहमति से शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। परिजन शव लेकर वापस टड़ियावां सीएचसी गए। वहां लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सक से बात की। चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ के समझाने पर परिजन शव लेकर गांव चले गए। परिवार में पति, तीन पुत्रियां और एक नवजात पुत्र है। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। परिजनों की ओर से शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।