हरदोई। मायके से भाई के साथ ससुराल लौट रही महिला और उसके दो बच्चे शनिवार देर शाम बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महिला की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट लगाए होने के कारण बाल-बाल बच गया।
मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम पिसतिया निवासी शाजिद खेती करता है। उसकी पत्नी शायरा (32) अपने बेटे अनस ( 4) और बेटी सना (9) को लेकर कुछ दिन पहले मायके ग्राम महुद्दीपुर गई थी।
शाजिद के मुताबिक शनिवार शाम शायरा भाई इसरार के साथ बाइक से वापस आ रही थी। मझिला थाना क्षेत्र के अंतर्गत टुर्मुकी-बंजरिया मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में शायरा व उसके दोनो बच्चे सड़क पर जा गिरे। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई।
यहां चिकित्सकों ने शायरा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों के आने पर रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ संजीव शर्मा ने बताया कि बाइक फिसलने से हादसा हुआ है।