हरपालपुर (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के बेहटा रमपुरा में नाली के पानी की निकासी को लेकर हुए विवाद में क्षेत्र पंचायत सदस्य मां और उनके बेटे की पिटाई लाठी-डंडों से की गई। गंभीर रूप से घायल मां बेटे को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर बेटे को ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया। वहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिटाई के मामले में गैर इरादतन हत्या की धाराएं बढ़ाने की बात कही है।
बेहटा रमपुरा निवासी राम लखन यादव का नाली से पानी के निकास को लेकर पड़ोसी राम किशोर यादव से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में रविवार सुबह दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुआ। राम किशोर ने छोटे भाई की पत्नी रेखा और बेटे व बेटी संग मिलकर लाठी-डंडों से रामलखन यादव की क्षेत्र पंचायत सदस्य पत्नी प्रेमादेवी (45) और बेटे धीरेंद्र यादव (18) पर हमला कर दिया।
मारपीट में मां बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, तो आरोपी मौके से भाग गए। दोनों घायलों को सीएचसी हरपालपुर से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। यहां धीरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। पिता राम किशोर ने बताया कि ट्रामा सेंटर में रविवार रात धीरेंद्र की मौत हो गई।
धीरेंद्र की मौत का पता चलते ही न सिर्फ परिजन बदहवास हो गए बल्कि गांव में भी तनाव की स्थिति हो गई। इसके मद्देनजर लोनार, सवायजपुर और अरवल थाने की पुलिस भी गांव में तैनात कर दी गई। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया पिता की शिकायत पर रविवार को चार आरोपियों के खिलाफ पिटाई के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही गैर इरादतन हत्या की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था धीरेंद्र
धीरेंद्र सांडी में स्थित एपीएस डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर के धीरेंद्र की गांव में भी अच्छी छवि थी। उनकी घायल मां को जब धीरेंद्र की मौत हो जाने की जानकारी मिली तो उन्हें संभालना मुश्किल हो गया।
फोटो-13- धीरेंद्र। फाइल फोटो